सुदूर आदिवासी गांव केल्हाड़िया पहुंचे सांसद छोटेलाल खरवार, चौपाल लगाकर सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं।
रिपोर्ट मदन मोहन नौगढ़ (चंदौली)।
चंदौली। आजादी के दशकों बाद भी विकास की बाट जोह रहे सुदूर आदिवासी बाहुल्य गांव केल्हाड़िया में सोमवार को एक नया सवेरा देखने को मिला। रॉबर्ट्सगंज लोकसभा क्षेत्र के सांसद छोटेलाल खरवार तहसील नौगढ़ के इस दुर्गम गांव में पहुंचे। स्थानीय लोगों के अनुसार, प्रकृति की गोद में बसे इस गांव में आज तक किसी सांसद या विधायक के कदम नहीं पड़े थे। पहली बार अपने बीच जनप्रतिनिधि को पाकर ग्रामीणों और आदिवासियों में भारी उत्साह और खुशी की लहर दौड़ गई।
गांव आगमन पर ग्रामीणों ने सांसद का जोरदार स्वागत किया। इसके बाद सांसद छोटेलाल खरवार ने गांव में ही चौपाल लगाई और सीधे आदिवासियों व ग्रामीणों से संवाद किया। चौपाल में ग्रामीणों ने गांव में बुनियादी सुविधाओं के अभाव का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। लोगों ने सड़क, बिजली, पीने के पानी, शिक्षा और रोजगार से जुड़ी अपनी विभिन्न समस्याओं और तकलीफों को सांसद के सामने रखा।
सांसद ने सभी समस्याओं को बेहद गंभीरता से सुना और ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि केल्हाड़िया को विकास की मुख्यधारा से जोड़ा जाएगा। उन्होंने अधिकारियों से समन्वय बनाकर सड़क, बिजली व पानी जैसी प्राथमिक समस्याओं का जल्द से जल्द निस्तारण कराने का ठोस आश्वासन दिया।
इस अवसर पर पूर्व लोकसभा प्रभारी (रॉबर्ट्सगंज) राज नारायण उर्फ निराला कोल, बसौली के युवा समाजसेवी कैलाश यादव, बसौली के बूथ प्रभारी (समाजवादी पार्टी) अजय प्रताप कोल और बंशीधर कोल सहित कई स्थानीय जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण व आदिवासी समाज के लोग उपस्थित रहे।




0 टिप्पणियाँ